न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: जिले के इचाक प्रखंड क्षेत्र के पनवा जंगल से सटे मनाय गांव में आज शनिवार को करीब 15 फीट लंबा अजगर सांप दिखाई देने से ग्रामीणों में कौतूहल का माहौल बन गया. विशालकाय अजगर को गांव के आसपास देखे जाने की सूचना तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोग अजगर को देखने के लिए काफी देर तक मौके पर जुटे रहे.
ग्रामीणों के अनुसार, अजगर काफी लंबा और विशाल आकार का था. लोगों की भीड़ लगातार बढ़ने लगी तो अजगर वहां से निकलकर जंगल की ओर चला गया. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. घटना के बाद आसपास के गांवों में भी अजगर को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और अजगर से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है.
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में तेज बारिश और हवा का दौर रहा है. ऐसे मौसम में जंगल में पानी भरने या अन्य परिस्थितियों के कारण अजगर अपने प्राकृतिक ठिकाने से निकलकर गांव की ओर आ सकता है.
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल अजगर जंगल की ओर चला गया है. ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को उसे पकड़ने, घेरने या किसी तरह से छेड़छाड़ करने का प्रयास नहीं करना चाहिए. अजगर को परेशान नहीं किया जाए तो वह स्वयं सुरक्षित स्थान की ओर चला जाएगा. वन विभाग की टीम भी मामले पर नजर रख रही है.
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि अजगर दोबारा दिखाई देता है तो उसके पास जाने या भीड़ लगाने के बजाय तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें. साथ ही बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखने की सलाह दी गई है.घटना के बाद मनाय गांव और आसपास के क्षेत्र में अजगर की मौजूदगी को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें: पैसे नहीं थे तो आलू देकर सीखा सिलाई का हुनर, आज महिलाओं को रोजगार दे रही गायत्री देवी