न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के लोग इन दिनों भीषण गर्मी से बुरी तरह परेशान हैं. राजधानी रांची से लेकर कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया हैं. दोपहर 12 से 2 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, मानो गर्मी का कर्फ्यू लग गया हो. घर के अंदर भी लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं.
आज इन जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी
आज हजारीबाग, साहिबगंज, गोड्डा, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, चतरा, पलामू, गुमला, कोडरमा, गिरिडीह जैसे जिलों में बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता हैं.
इन जिलों में राहत की उम्मीद, बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी
रांची, लोहरदगा, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां जैसे जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज आंधी और वज्रपात हो सकता हैं. हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. बारिश से तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना हैं.
16 जून से झारखंड में मानसून की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 16 से 18 जून के बीच झारखंड में दस्तक दे देगा. 14 जून से ही राज्य के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो जाएगी.