न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में गर्मी ने अब अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया हैं. राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बनते जा रहे हैं. तापमान ने तेज रफ्तार पकड़ी है और कई जिलों में यह 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया हैं. वहीं दूसरी ओर रविवार शाम को रांची, बोकारो और पूर्वी-सिंहभूम में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत जरुर दी.
बोकारो में सबसे ज्यादा बारिश, डाल्टनगंज सबसे गर्म
बोकारो में बीते 24 घंटे में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम कुछ समय के लिए सुहाना हो गया. हालांकि डाल्टनगंज में पारा 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया तापमान था.
बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए झारखंड में बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई हैं. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा हैं. राज्य के कई जिलों में आज शाम तक मूसलाधार बारिश हो सकती हैं. हालांकी पलामू, गढ़वा, चतरा और लोहरदगा में बारिश की संभावना काफी कम हैं. आज रांची, धनबाद, बोकारो, साहिबगंज, गोड्डा, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह, दुमका, पूर्वी-पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना हैं. इससे तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है, जो अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता हैं.
दोपहर में चिलचिलाती धूप, गर्मी से बेहाल रहेंगे लोग
हालांकि सुबह और दोपहर में तेज धूप से राहत की उम्मीद नहीं हैं. दोपहर में तापमान 36 से 37 डिग्री तक जा सकता हैं.
2 से 5 जून तक कैसे रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, 2 और 3 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना हैं. वहीं 4 और 5 जून को उत्तरी झारखंड और आसपास के मध्य भागों में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती हैं. तापमान में अगले दो दिन 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है, इसके बाद इसमें कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा.