न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तीन सबसे प्रसिद्ध और हमेशा गुलजार रहने वाले मॉल्स पर ताला लगने का खतरा मंडरा रहा है. दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित डीएलएफ प्रोमेनेड, डीएलएफ एम्पोरियो और एम्बिएंस मॉल इस समय गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं, जिसके चलते यहां हाहाकार मचा हुआ है. मॉल्स के प्रबंधकों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो अगले 2-3 दिनों के भीतर इन तीनों मॉल्स को बंद करने की नौबत आ सकती है. राजधानी के इन बड़े मॉल्स में यह संकट पहली बार खड़ा हुआ है.
70% टॉयलेट बंद, रेस्टोरेंट्स का संचालन प्रभावित
रंग-बिरंगी रोशनी और ग्राहकों की भारी भीड़ से भरे रहने वाले इन मॉल्स में पानी की कमी के कारण संचालन मुश्किल हो गया है. मॉल्स के प्रबंधकों के अनुसार, पिछले कई दिनों से दिल्ली जल बोर्ड से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है और पानी के टैंक खाली हो चुके हैं. `समस्या की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मॉल्स के लगभग 70 फीसदी टॉयलेट बंद हो चुके हैं. इसके अलावा, रेस्टोरेंट्स का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां खाना बनाने, बर्तन धोने और साफ-सफाई के लिए बड़ी मात्रा में पानी चाहिए होता है.
करोड़ों का कारोबार और रोजगार पर संकट
मॉल्स प्रबंधकों का स्पष्ट कहना है कि अगर अगले 2-3 दिनों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो उनके पास मॉल्स को बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा. यह संकट ऐसे समय में आया है जब दिवाली का त्योहार बेहद करीब है और त्योहारी सीजन के कारण मॉल्स में ग्राहकों की भीड़ चरम पर होती है. अगर मॉल बंद होते हैं, तो न सिर्फ करोड़ों का कारोबार प्रभावित होगा, बल्कि यहां काम करने वाले हजारों लोगों के रोजगार पर भी संकट आ जाएगा. दिल्ली के इन तीन बड़े मॉल्स के बंद होने की आशंका से दिल्लीवासियों से लेकर विदेशी पर्यटक और फिल्मी सितारे तक, जो यहां अक्सर आते हैं, प्रभावित होंगे.
यह भी पढ़े: शर्मनाक घटना: हरिद्वार जिला अस्पताल के पीछे कूड़े में मिला नवजात का क्षत-विक्षत शव