न्यूज़11 भारत
लखनऊ/डेस्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के नवाबगंज क्षेत्र से जुड़े चर्चित यूट्यूबर और फैंटसी क्रिकेट एक्सपर्ट अनुराग द्विवेदी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के घेरे में आ गए हैं. अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को लेकर ईडी ने 17 दिसंबर को उनके लखनऊ और उन्नाव स्थित नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. छापेमारी के दौरान ED ने करोड़ों रुपये मूल्य की लग्जरी कारें जब्त कीं. अधिकारियों के अनुसार, जांच के समय अनुराग द्विवेदी भारत में मौजूद नहीं थे और उनके दुबई में होने की जानकारी सामने आई है.
क्या है पूरा मामला
ईडी की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दर्ज एक एफआईआर के आधार पर की जा रही है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध ऑनलाइन बेटिंग गतिविधियों से जुड़े आरोप शामिल हैं. जांच एजेंसी का आरोप है कि अनुराग द्विवेदी ने Sky Exchange समेत कई अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म्स का प्रचार अपने यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए किया.
ED के मुताबिक, इस प्रमोशन के बदले उन्हें हवाला और अन्य अवैध माध्यमों से बड़ी रकम प्राप्त हुई. एजेंसी का दावा है कि यह पैसा दुबई में रियल एस्टेट निवेश और महंगी जीवनशैली पर खर्च किया गया.
छापेमारी के दौरान लैंबॉर्गिनी उरुस (अनुमानित कीमत 4 से 6.5 करोड़ रुपये), मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू Z4, फोर्ड एंडेवर और महिंद्रा थार समेत कई लग्जरी वाहन जब्त किए गए. इसके अलावा बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, संपत्ति के कागजात और डिजिटल डिवाइस भी कब्जे में लिए गए हैं.
कौन हैं अनुराग द्विवेदी
करीब 25–26 वर्षीय अनुराग द्विवेदी उन्नाव जिले के खजूर गांव के रहने वाले हैं. साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले अनुराग ने फैंटसी क्रिकेट के जरिए अपनी पहचान बनाई. उनका यूट्यूब चैनल Anurag Dwivedi सात मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर्स वाला है, जबकि इंस्टाग्राम पर उनके 2.4 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
अनुराग का दावा रहा है कि उन्होंने महज 300 रुपये से शुरुआत कर फैंटसी क्रिकेट प्लेटफॉर्म्स जैसे Dream11 के जरिए 200 से 300 करोड़ रुपये तक की कमाई की. वे खुद को 'फैंटसी क्रिकेट का फेस' बताते हैं और मैच प्रेडिक्शन व ग्रैंड लीग टीम्स की टिप्स साझा करते रहे हैं.
हालिया चर्चा में रहे
अनुराग द्विवेदी हाल ही में नवंबर 2025 में दुबई में आयोजित एक भव्य शादी को लेकर भी चर्चा में रहे थे, जहां एक लग्जरी क्रूज पर बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की मौजूदगी बताई गई थी. हालांकि, ईडी का आरोप है कि उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा फैंटसी क्रिकेट से नहीं, बल्कि अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रचार से आया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में ईडी की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- बाबूलाल मरांडी ने CM को लिखा पत्र, रिम्स परिसर में अवैध निर्माण के लिए जिम्मेवार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग