रोहन निषाद/न्यूज11 भारत
चाईबासा/डेस्क: सारंडा अंचल में बीते 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश और तूफानी हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. इसी खराब मौसम के बीच बुधवार दोपहर किरीबुरू हिलटॉप मुख्य मार्ग पर पुराना मैगजीन के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी, जहाँ स्विफ्ट डिजायर कार और एक मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण टक्कर में दोनों गाड़ियाँ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं.
दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक अब्दुल घायल हो गए. वे मेघाहातुबुरु के रहने वाले हैं तथा पेशे से ठेका मजदूर होने के साथ-साथ शॉपिंग सेंटर में पान की दुकान भी चलाते हैं. हादसा दोपहर लगभग 1:30 बजे के करीब हुआ. गनीमत यह रही कि अब्दुल की जान बच गई, हालांकि उनके शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं. घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय निवासियों ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए घायल अब्दुल को किरीबुरू स्थित सेल अस्पताल पहुँचाया. डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति अब स्थिर और खतरे से बाहर है.
सड़क पर विशालकाय पेड़ गिरा, घंटों थमा रहा आवागमन
दूसरी ओर, निरंतर हो रही वर्षा और तेज झोंकों के कारण सैडल गेट और किरीबुरू के मध्य मुख्य मार्ग पर एक विशालकाय वृक्ष उखड़कर बीच सड़क पर आ गिरा. पेड़ गिरने की वजह से सड़क के दोनों छोरों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया. बाद में वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आरी से पेड़ को काटकर हटाया गया, जिसके बाद ही यातायात व्यवस्था पुनः सुचारू हो सकी.
जर्जर सड़कों और जलजमाव से जनजीवन बेहाल
अविरल बारिश ने किरीबुरू हिलटॉप क्षेत्र की सड़कों की बदहाली को भी उजागर कर दिया है. बिरसा चौक से केंद्रीय विद्यालय मार्ग तथा टीआर गेट से वन विभाग कार्यालय होते हुए मेघालय गेस्ट हाउस जाने वाली सड़कें बेहद जर्जर स्थिति में पहुँच चुकी हैं. सर्वत्र कीचड़ और जलजमाव होने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन तथा सेल प्रबंधन से इन जर्जर सड़कों की तुरंत मरम्मत कराने की गुहार लगाई है.
यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल महाप्रबंधक से मिला, बकाया भुगतान समेत रखी अपनी कई मांगें