न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियानों के बीच, उधमपुर जिले में मंगलवार (7 अक्टूबर) को तीन संदिग्ध आतंकवादियों के देखे जाने की सूचना मिली है. इसके बाद सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. स्थानीय लोगों ने जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र के धरनी टॉप इलाके में तीन हथियारबंद लोगों को घूमते देखा था, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी. अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध आतंकवादी हरे और काले रंग की जैकेट और ऊंची एड़ी के जूते पहने हुए थे और उनके पास हथियार थे.
घने जंगली इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया
सूचना मिलते ही भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से घने जंगली इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया. क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है ताकि आतंकवादी किसी भी हाल में फरार न हो सकें.
घर-घर तलाशी और गश्त
सुरक्षा बल घर-घर जाकर तलाशी ले रहे हैं और क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहे हैं. वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जारी है और संदिग्ध लोगों की गतिविधि का पता लगाने के लिए सभी खुफिया सूचनाओं की जांच की जा रही है.
राजौरी में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़
उधर, मंगलवार को ही जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के बीरंथुब क्षेत्र में आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक गोलीबारी कर दी. यह घटना कंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में हुई. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस के विशेष कार्य दल (एसओजी) ने संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया था, उसी दौरान आतंकवादियों ने गोलीबारी की. पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टुकड़ियां मौके पर पहुंच गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी.
अंतिम रिपोर्ट मिलने तक, शाम करीब 7:20 बजे ढेरी खातूनी जंगल में हुई इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पूरे क्षेत्र की कड़ी घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान जारी है.
यह भी पढ़े: हिमाचल के बिलासपुर में लैंडस्लाइड का कहर, पहाड़ से बस पर गिरा मलबा, 15 शव बरामद