न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शालीमार बाग मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 4 के पास से नोटबंदी में बैन हो चुके पुराने 500 और 1000 रुपये के नोटों का विशाल जखीरा बरामद किया. पुलिस ने 3.5 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध करेंसी जब्त करते हुए चार आरोपियों हर्ष, टेक चंद, लक्ष्य और विपिन कुमार को गिरफ्तार किया हैं.
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली थी कि पुराने नोटों की अवैध खरीद-फरोख्त का सौदा दिल्ली में सक्रिय हैं. सूचना की पुष्टि होते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पुरानी करेंसी के बंडलों के साथ दबोच लिया. बरामद नोटों को आरोपी बेहद कम कीमत पर खरीदकर आगे ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे. पुलिस ने इस धंधे में इस्तेमाल होने वाली दो कारें भी सीज कर दी हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लोगों को यह झांसा देते थे कि पुरानी करेंसी अब भी आरबीआई में बदली जा सकती हैं. इसी धोखे का फायदा उठाकर वे कम रेट पर नोट खरीद रहे थे, जबकि वे जानते थे कि नोटबंदी के बाद ऐसी करेंसी रखना और उससे लेन-देन करना कानूनन पूरी तरह प्रतिबंधित हैं. पुलिस के मुताबिक, उनके पास नोट रखने का कोई वैध दस्तावेज भी नहीं मिला. नोटबंदी के बाद लागू स्पेसिफाइड बैंक नोट्स एक्ट के तहत इस तरह की गतिविधि गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं. इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और नोटबंदी कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया हैं. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि करोड़ों की यह अवैध करेंसी इनके पास कैसे पहुंची और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा हैं.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी बरामदगी ये संकेत देती है कि पुराने नोटों से जुड़ी अवैध गतिविधियां अभी भी भूमिगत तरीके से जारी हैं. इस कार्रवाई के बाद पूरे मॉड्यूल को खत्म करने के लिए आगे की छापेमारी तेज कर दी गई हैं.
यह भी पढ़े: सर्दियों में शकरकंद को इन दो चीजों के साथ मिलाकर खाए.. होगा सुपरफूड कॉम्बो, दूर भाग जाएगी सारी बीमारी