न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बिहार के विधानसभा चुनावों के दौरान राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, और भोजपुरी सितारों की भागीदारी भी बढ़ने लगी है. भाजपा इस मामले में विशेष रूप से सक्रिय नजर आ रही है. पवन सिंह के बाद, लोक गायिका मैथिली ठाकुर और भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह की भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद उनके पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं.
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने पवन सिंह की घर वापसी सुनिश्चित की और उनके रालोमो नेता उपेंद्र कुशवाहा के साथ मतभेदों को सुलझाया. इसके बाद, तावड़े ने भोजपुरी लोक गायिका मैथिली ठाकुर से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की. इसी बीच, भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर राजनीतिक अटकलों को और बढ़ा दिया है.
हालांकि, अक्षरा ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने बिहार के केंद्रीय मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. इस मुलाकात के बाद से अटकलें लगाई जा रही हैं कि अभिनेत्री बिहार के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं. इससे पहले, अक्षरा सिंह को प्रशांत किशोर के साथ भी देखा गया था. जैसे-जैसे बिहार चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक गतिविधियाँ तेज होती जा रही हैं.
गायक और अभिनेता रितेश पांडे पहले ही प्रशांत किशोर के साथ जुड़ चुके हैं, जबकि गायक राधेश्याम रसिया भी चुनावी रण में शामिल होने की योजना बना रहे हैं. खेसारी लाल यादव के बारे में भी चर्चा है, हालांकि उन्होंने अभी तक अपने इरादे स्पष्ट नहीं किए हैं, लेकिन माना जा रहा है कि वे राजद के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं.