न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां 92 साल की दिग्गज गायिका आशा भोसले को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं. जानकारी के अनुसार, उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में रखा गया है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा हैं. खबर सामने आने के बाद उनके फैंस चिंतित हो गए हैं और उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.
आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी सेहत को लेकर अपडेट साझा किया हैं. उन्होंने बताया कि आशा भोसले को थकान और चेस्ट इंफेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें और भरोसा दिलाया कि इलाज जारी है, जल्द ही सकारात्मक खबर मिलेगी. ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रति समदानी ने भी आशा भोसले के भर्ती होने की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने उनकी स्थिति को लेकर ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया. इस समय परिवार के सदस्य उनके साथ अस्पताल में मौजूद हैं.
आशा भोसले भारतीय फिल्म संगीत की सबसे प्रतिष्ठित गायिकाओं में से एक हैं. उन्होंने साल 1950 के दशक में अपने करियर की शुरुआत की और अपनी बहन लता मंगेशकर की तरह ही संगीत जगत में बड़ी पहचान बनाई. शुरुआती दौर में उन्होंने लो-बजट फिल्मों में गाने गाकर पहचान बनाई. साल 1952 की फिल्म ‘संगदिल’ से उन्हें पहचान मिली और इसके बाद ‘परिणीता’ और ‘बूट पॉलिश’ जैसी फिल्मों में काम मिला. साल 1957 में आई फिल्म ‘नया दौर’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई, जिसमें मोहम्मद रफी के साथ उनकी जोड़ी बेहद सफल रही.
साल 1960 और 70 के दशक में उन्होंने आर डी बर्मन के साथ कई हिट गाने दिए. ‘तीसरी मंजिल’ का ‘आजा आजा’ गाना आज भी लोकप्रिय हैं. इसके अलावा ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘ओ हसीना जुल्फों वाली’ और ‘ये मेरा दिल’ जैसे गानों ने उन्हें अलग पहचान दिलाई. उन्होंने ग़ज़लों में भी अपनी आवाज़ का जादू बिखेरा और नेशनल अवॉर्ड हासिल किया. 90 और 2000 के दशक में भी उन्होंने ‘रंगीला’, ‘लगान’ और ‘लकी’ जैसी फिल्मों में गाने गाए.
92 साल की उम्र में भी उनकी सक्रियता बनी हुई हैं. हाल ही में उन्होंने दुबई में कॉन्सर्ट कर नई पीढ़ी के बीच भी अपनी लोकप्रियता साबित की थी. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी हैं.
यह भी पढ़े: Jharkhand Weather: अप्रैल में तंदूर बना झारखंड! 36 डिग्री तक चढ़ेगा पारा.. 13 जिलों में लू के आसार