न्यूज11 भारत
अमरावती/डेस्क: महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर 180 से अधिक नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और सैकड़ों अश्लील वीडियो बनाने के आरोप हैं. यह कार्रवाई राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे की शिकायत के बाद की गई.
सोशल मीडिया के जरिए जाल बिछाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद अयान अहमद उर्फ तनवीर अहमद (19) के रूप में हुई है, जो परतवाड़ा का निवासी है. जांच में सामने आया है कि वह Snapchat और WhatsApp जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए नाबालिग लड़कियों से संपर्क करता था और उन्हें झांसे में लेता था. आरोप है कि वह उन्हें मुंबई और पुणे जैसे शहरों में ले जाकर उनका शोषण करता था और इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बनाता था.
ब्लैकमेलिंग और अवैध गतिविधियों का संदेह
जांच एजेंसियों को अब तक लगभग 350 आपत्तिजनक वीडियो और क्लिप्स की जानकारी मिली है. आरोप है कि आरोपी इन वीडियो का इस्तेमाल नाबालिग पीड़ितों को ब्लैकमेल करने और उन्हें जबरन गलत गतिविधियों में धकेलने के लिए करता था. पुलिस को यह भी आशंका है कि इस पूरे मामले में आरोपी के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं.
मामले पर सियासी हलचल तेज
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने अमरावती ग्रामीण एसपी से मुलाकात कर मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.
वहीं, राज्य सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है. जानकारी के मुताबिक, पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि मुख्यमंत्री और गृह विभाग इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और डीजीपी को गहराई से जांच के निर्देश दिए गए हैं.
साइबर सेल की कार्रवाई जारी
साइबर सेल ने इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- गढ़वा में BJP विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के पैतृक घर में चोरी, नकदी और गहनों पर हाथ साफ