न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अमन ( संवाददाता ) / नवादा - नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र के चौधरी नगर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है। 23 वर्षीय नर्स मनीषा कुमारी का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। पहली नज़र में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हुआ, लेकिन जैसे-जैसे परतें खुलती गईं, यह कहानी इश्क, राज़ और शक के गहरे साए में उलझती चली गई।
मनीषा के परिजन।
हाईलाइट्स:
- नवादा में नर्स युवती का फंदे से लटका शव मिला
- 23 वर्षीय मनीषा कुमारी के रुप में हुई पहचान
- युवक के साथ पति-पत्नी बनकर रहने का खुलासा
- परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
- युवक अभिषेक पांडे फरार, पुलिस जांच में जुटी
परिवार से दूर, सुहागीन की तरह रहती थी मनीषा
मनीषा, अकबरपुर प्रखंड के बकसंडा गांव निवासी जितेंद्र मांझी की बेटी थी। वह एक प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करती थी और परिवार से दूर शहर में रह रही थी। परिवार को उसने बताया था कि वह चार सहेलियों के साथ रहती है और वहां किसी पुरुष का आना-जाना नहीं है। मकान मालिक ने खुलासा किया कि मनीषा पिछले छह महीनों से धनबाद निवासी अभिषेक पांडे के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी। गले में मिला मंगलसूत्र इस रिश्ते की पुष्टि करता है और मामले को और पेचीदा बना देता है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का कहना है कि यह महज़ आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है। मृतका के फूफा दूधी मांझी ने बताया कि दो दिन पहले ही मनीषा ने व्हाट्सएप पर अपनी तस्वीर भेजी थी और परिवार उसकी शादी की तैयारी कर रहा था। अचानक मौत की खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया। शव पर मिले निशान और घटना के बाद अभिषेक का फरार हो जाना शक को और गहरा कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दो महीने पहले मनीषा और अभिषेक के बीच जोरदार झगड़ा हुआ था। मकान मालिक ने उन्हें घर खाली करने की चेतावनी भी दी थी। अब घटना के बाद युवक का गायब होना पूरे मामले को रहस्यमय बना रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि मामला आत्महत्या है या हत्या। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक तरफ परिवार बेटी की शादी की तैयारी में जुटा था, वहीं दूसरी तरफ उसकी दोहरी ज़िंदगी का राज़ सामने आकर सबको हैरान कर गया। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही इस रहस्यमयी मौत की असली सच्चाई उजागर करेगी।
इसे भी पढ़ें- पटना पोस्टर ड्रामा: निशांत ‘फ्यूचर सीएम’, नीतीश का मिशन अभी अधूरा!