न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार/ शेरघाटी : बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी पर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई, साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
हाइलाइट्स -
- बाराचट्टी चेकपोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- स्कॉर्पियो से 397 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद
- कुल 848 बोतल अवैध शराब जब्त
- झारखंड के चतरा जिले के दो तस्कर गिरफ्तार
- बिहार में सप्लाई की थी शराब की बड़ी खेप
- जांच चौकी पर सख्ती से नाकाम हुई तस्करी
- मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
- अन्य नेटवर्क की पहचान के लिए छापेमारी जारी
झारखंड नंबर की स्कॉर्पियो से बरामद हुई खेप
पुलिस ने झारखंड नंबर (JH-01GL-6171) की स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। वाहन की जांच के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई 397 लीटर अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल 848 बोतलें बताई जा रही हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो० अरवाज (26 वर्ष), निवासी सिमरिया थाना क्षेत्र, जिला चतरा (झारखंड) और प्रिंस कुमार (23 वर्ष), निवासी सिमरिया थाना क्षेत्र, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है। मो० अरवाज वाहन चला रहा था। दोनों आरोपी झारखंड से बिहार में शराब की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश में थे।
पुलिस की सतर्कता से नाकाम हुई तस्करी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए तरीकों से अवैध शराब की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन चेकपोस्ट पर बढ़ाई गई निगरानी के चलते इस बार तस्करी का बड़ा प्रयास नाकाम हो गया।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर हलेन्द्र कुमार, दिलीप कुमार ऋषि, आलोक कुमार, धर्मेन्द्र बैठा, बन्टी यादव सहित मद्यनिषेध विभाग, सैप बल और गृह रक्षक के जवान शामिल रहे।
मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इसे भी पढ़ें - बिहार बना रिमोट कंट्रोल राज्य!”—तेजस्वी यादव का हमला, बोले- गुजरात से चलेगी सरकार, लोकतंत्र नहीं ‘मशीन तंत्र’ का खेल