न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले से एक नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका का नाम लालती देवी (22) बताया गया है। आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को जला दिया गया है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला पश्चिमी चम्पारण जिले के पुलिस जिला बगहा के गोबर्धना थाना क्षेत्र की है।
क्या है परिवार का आरोप
दरअसल लालती देवी के पिता बादल माझी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी पिछले वर्ष संतपुर गांव निवासी कुंदन माझी से की थी। शादी के दौरान अपनी क्षमता के अनुसार उपहार देकर बेटी की विदाई की लेकिन अब ससुराल वाले अपाचे बाइक और चालीस हजार रुपये नगद मांग कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने सूचना दिया की आपकी बेटी की हत्या कर शव को जलाया जा रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
खबर मिलते ही मृतका के पिता अपने गांव के लोगों के साथ थाना पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे मे जानकारी दी। पुलिस जब मृतका की तलाश करते हुए गांव के बाहर नदी के किनारे पहुंची तो शव जल चुका था। वहां कोई नजर नहीं आया। पुलिस के साथ FSL की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच में जुटी हैं।