अफरोज आलम/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घायल युवक को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी पप्पू झा के पुत्र निलेश कुमार झा को अज्ञात अपराधियों ने निशाना बनाकर गोली मार दी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जाता है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें घायल अवस्था में स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने का निर्णय लिया. हालांकि रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे क्या कारण है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
यह भी पढ़े: नवादा में बिजली के खंभे में लगी आग, समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टला