न्यूज11 भारत
नवादा/डेस्क: नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र में सरकारी आईटीआई के ठीक सामने स्थित AK मार्बल शोरूम में चोरों ने गुरुवार रात सनसनीखेज चोरी की घटना को अंजाम दिया. दुकान के मालिक हंसराज ने बताया कि वे शाम करीब 9:30 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे. शुक्रवार सुबह 9 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि लोहे की चादर (शटर) को उखाड़कर चोर अंदर घुस चुके थे. चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा था, कैश काउंटर और अन्य काउंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे.
चोरों ने कैश काउंटर से लगभग 30,000 रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया. दुकान में लगे 15-16 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चोरों ने चुरा ली, ताकि उनकी पहचान न हो सके. मालिक हंसराज ने बताया कि चोर काफी चालाक थे, क्योंकि उन्होंने पहले से ही कैमरे की लोकेशन जान ली थी और फुटेज हार्ड डिस्क को ही साथ ले गए. घटना के बाद दुकान का पूरा सिस्टम अस्त-व्यस्त हो गया.
पुलिस को सूचना मिलते ही नवादा नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाया गया है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, हालांकि दुकान के अपने कैमरे की फुटेज चोरी होने से चुनौती बढ़ गई है. पुलिस का मानना है कि चोर स्थानीय या आसपास के ही हो सकते हैं, क्योंकि उन्होंने दुकान की कमजोरियों का फायदा उठाया. थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह के द्वारा पूरे मामला की गंभीरता से जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के तहत निकाली गई रैली, 16 राज्यों के स्वयंसेवकों ने दिया विविधता में एकता का संदेश