संजय कुमार/न्यूज11 भारत
बेगूसराय/डेस्क: बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र के इटवा गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक के पिता ने अपनी ही बहू पर हत्या का आरोप लगाते हुए सिंघौल थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मृतक की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के अंबा गांव निवासी 37 वर्षीय राजीव कुमार के रूप में हुई है. मृतक के पिता राम आशीष सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या उसकी पत्नी ने साजिश के तहत अन्य लोगों के साथ मिलकर की है.
4 साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, राजीव कुमार की शादी करीब चार वर्ष पूर्व बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी की पुत्री से हुई थी. पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बहू उनके बेटे को प्रताड़ित करती थी. पिछले 6-7 महीनों से राजीव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सिंघौल थाना क्षेत्र के इटवा में किराए के मकान में रह रहा था.
20 फरवरी को मिली मौत की सूचना
राम आशीष सिंह ने बताया कि 20 फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र की मृत्यु हो गई है. स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि उसे सदर अस्पताल भेजा गया था. जब वे अस्पताल पहुंचे और बाद में इटवा स्थित किराए के मकान पर गए, तो उन्हें संदेह हुआ कि उनके पुत्र की हत्या की गई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू ने अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उनके बेटे के साथ मारपीट की और उसे विषैला पदार्थ देकर हत्या कर दी.
पुलिस जांच में फांसी की आशंका
घटना की सूचना पर सिंघौल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी.
पत्नी गिरफ्तार, जांच जारी
मृतक के पिता के आवेदन पर पुलिस ने पत्नी एवं अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की. तत्पश्चात पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
इस संबंध में सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि मृतक के पिता द्वारा बहू पर हत्या का आरोप लगाया गया है. प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई है.
पारिवारिक विवाद की आशंका
वहीं, गिरफ्तार पत्नी ने मीडिया के सामने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है. फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. आशंका जताई जा रही है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है. युवक की मौत आत्महत्या है या हत्या. पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी!
यह भी पढ़ें: गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 80.790 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ एक कारोबारी गिरफ्तार