न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी - जिला स्तर से मिले निर्देश के आलोक में अग्निसुरक्षा सप्ताह के तहत गुरुवार को शेरघाटी अनुमंडल में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अग्निशमन विभाग की ओर से ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत पांच किलोमीटर लंबी मिनी मैराथन निकाली गई, जिसमें विभागीय कर्मियों के साथ बिहार गृह रक्षा वाहिनी के जवान, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
मैराथन और जनजागरूकता अभियान
मैराथन शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने आम लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, प्राथमिक उपायों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को आपात स्थिति में त्वरित और सही कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
शाम के समय अनुमंडल स्तर पर वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें अग्निशमन विभाग के कर्मियों के साथ स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन शेरघाटी अग्निशामालय के पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में हुआ, जिसमें स्थानीय प्रशासन, स्कूलों और कोचिंग संस्थानों का सहयोग रहा।
इसे भी पढ़ें - जमीन विवाद बना बवाल: RJD विधायक ओसामा साहब समेत कई पर FIR, महिला डॉक्टर ने लगाए संगीन आरोप