न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) प्रतियोगिता परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। इस कड़ी में पहले चरण की परीक्षा 14 व 15 अप्रैल को, द्वितीय चरण की परीक्षा 17 व 18 अप्रैल को और तृतीय चरण की परीक्षा 20 व 21 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न कराने व विधि व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन व जिला शिक्षा विभाग द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है।
जिले में 21 केंद्रों पर होगी परीक्षा
सीवान जिले में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं। जिला शिक्षा विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल, 17 अप्रैल व 20 अप्रैल को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक चलेगी। वहीं 15 अप्रैल, 18 अप्रैल व 21 अप्रैल को एकल पाली में सुबह 10 बजे से दोहपर 12 बजे तक परीक्षा चलेगी।
परीक्षा से एक घंटा पहले लेनी होगी एंट्री
जिला प्रशासन द्वारा जारी संयुक़्त आदेश के अनुसार तीनों चरणों में 14 अप्रैल से 21 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता परीक्षा के प्रत्येक पाली में एक घंटा पहले तक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर जाना होगा।
QR या बार कोड से होगी स्कैनिंग
जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा पूर्व तक अर्थात प्रथम पाली के लिए सुबह 9 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए 12.30 बजे तक उम्मीदवारों की सघन जांच-पड़ताल के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान प्रवेश द्वार पर हीं अभ्यर्थियों के ई-एडमिट कार्ड पर छपे QR या बार कोड की स्कैनिंग करते हुए फोटो एवं पहचान पत्र से मिलान किया जाएगा।