न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज: गोपालगंज के हथुआ थाना क्षेत्र के रूपनचक गांव में 28 सितंबर को हुई हिमांशु यादव (20) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महावीरी जुलूस के दौरान चाकू से हमला कर हिमांशु की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी राजकुमार गोंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद हथुआ थाना की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। मामले में कुल 6 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार गोंड को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया।
वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।