न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने सत्र 2026-28 में इंटरमीडिएट नामांकन को लेकर नई अधिसूचना जारी कर दी है। अब सीबीएसई व अन्य बोर्ड से मैट्रिक परीक्षा पास छात्र-छात्राएं 25 अप्रैल तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। यह पूरी प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए बनाए गए ऑनलाइन सुविधा प्रणाली (ओएफएसएस) पोर्टल के माध्यम से संपन्न होगी।
छात्र-छात्राओं को मिला दूसरा मौका
गौरतलब है कि इससे पहले समिति ने बिहार बोर्ड से मैट्रिक पास छात्रों के लिए नामांकन की तिथि जारी की थी, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। हालांकि, सीबीएसई व अन्य बोर्ड के छात्र उस समय आवेदन नहीं कर पाए थे, क्योंकि तब परिणाम ही नहीं आया था। ऐसे में अब उनके लिए अलग से तिथि निर्धारित कर दूसरा मौका दिया गया है।
इतने विद्यालयों का चयन जरूरी
नामांकन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को अपना फोटो, शैक्षणिक विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। इसके अलावा कम से कम 10 विद्यालयों या महाविद्यालयों का विकल्प चुनना जरूरी है। निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर सुरक्षित रखना होग। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऑनलाइन प्रणाली से नामांकन प्रक्रिया पारदर्शी और सरल बनी है, जिससे छात्रों को उनकी पसंद और अंक के अनुसार संस्थान मिल पाता है।