न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अभिषेक, पटना): बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब सक्रिय रूप से जनता के बीच जा रहे हैं। निशांत कुमार आगामी 3 मई से अपनी 'बिहार यात्रा' की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस यात्रा को बिहार की भावी राजनीति और जेडीयू के भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। निशांत का यह कदम राज्य के सियासी समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है।
वाल्मीकि नगर से होगी शुरुआत, जेडीयू कार्यकर्ताओं में भारी जोश
निशांत कुमार ने अपनी इस महायात्रा के आगाज के लिए वाल्मीकि नगर की धरती को चुना है। जैसे ही निशांत की यात्रा की खबर सामने आई है, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे हैं। वाल्मीकि नगर से शुरू होकर यह यात्रा बिहार के विभिन्न जिलों से गुजरेगी, जहाँ निशांत सीधे आम लोगों से संवाद करेंगे।
कार्यकर्ताओं का बढ़ा मनोबल, भव्य स्वागत की तैयारी
निशांत कुमार की इस यात्रा को लेकर जेडीयू के जमीनी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके मैदान में उतरने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। राज्य भर में स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं और वाल्मीकि नगर में एक भव्य कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि निशांत कुमार की यह यात्रा बिहार के विकास और युवाओं की आवाज को एक नई दिशा देगी।