न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार चुनाव में हार के बाद दिल्ली में हुई कांग्रेस की समीक्षा बैठक से पहले कल गुरुवार को पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में जोरदार हंगामा हो गया. सूत्रों के मुताबिक, वैशाली के प्रत्याशी इंजीनियर संजीव और पप्पू यादव के करीबी पूर्णिया के प्रत्याशी जितेंद्र कुमार के बीच किसी बात को लेकर बहस बढ़ गई, जो देखते-देखते गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गई.
सूत्र बताते है कि इंजीनियर संजीव ने आरोप लगाया कि पार्टी में बाहरी लोगों को टिकट दिया गया, जिससे संगठन कमजोर हुआ. इस पर पूर्णिया के प्रत्याशी ने आपत्ति जताई तो इंजीनियर संजीव ने कथित रूप से “मुंह में गोली मारने” तक की धमकी दे डाली. इसके बाद माहौल पूरी तरह गर्म हो गया और वहां मौजूद नेताओं को बीच-बचाव करना पड़ा. हालांकि हंगामे के वक्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी उपस्थित नहीं थे लेकिन जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, दोनों नेताओं ने नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि पार्टी में लोगों का आना-जाना आम बात है, लेकिन अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
यह भी पढ़े: बिहार में आज महिलाओं को बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10 लाख लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी राशि