न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना : बिहार में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 14 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोग तेज उमस और गर्मी से बेहाल रहेंगे। साथ ही मौसम विभाग ने लू चलने की भी संभावना जताई है। इसके अलावा 13 जिलों में आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। रविवार को बिहार के 9 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। इस दिन सबसे अधिक तापमान डेहरी (रोहतास) में 44.8 डिग्री दर्ज किया गया।
दक्षिण और पश्चिम बिहार में हीट वेव का कहर
बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के 8 जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिन के समय तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
44 से 45 डिग्री तक जाएगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण और पश्चिम बिहार में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। 28 से 30 मई तक कई जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। कुछ इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंचने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में बीच-बीच में बारिश और तेज हवा चलने से लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है।