न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा ( संवाददाता ) / पटना - केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) में कुल 19,838 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। भर्ती के लिए 17 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिससे यह राज्य की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल हो गई।
हाईलाइट्स -
- बिहार पुलिस और BSAP में 19,838 पदों पर भर्ती
- 17 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
- 7,312 महिला और 17 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों का चयन
- 20 जून से 19 जुलाई 2026 तक होगा योगदान
लाखों अभ्यर्थियों ने लिया था हिस्सा
भर्ती प्रक्रिया में कुल 17,06,628 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 13,30,121 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए। लिखित परीक्षा के बाद 99,690 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। PET में कुल 79,932 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें 50,477 पुरुष, 29,426 महिलाएं और 29 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे।
पुरुषों के साथ महिलाओं और ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को भी सफलता
अंतिम चयन सूची में कुल 19,838 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। इनमें बिहार पुलिस के लिए 16,852 और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के लिए 2,986 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित उम्मीदवारों में 12,509 पुरुष, 7,312 महिलाएं और 17 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा 332 प्रशिक्षित गृह रक्षक और 190 स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को भी चयन सूची में स्थान मिला है।
सभी वर्गों को मिला प्रतिनिधित्व
फाइनल रिजल्ट में सामान्य वर्ग के 7,935 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वहीं EWS वर्ग से 1,983, पिछड़ा वर्ग से 2,381, अत्यंत पिछड़ा वर्ग से 3,571, अनुसूचित जाति से 3,174 और अनुसूचित जनजाति से 199 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। पिछड़ा वर्ग महिला कोटे से 595 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों को 20 जून 2026 से 19 जुलाई 2026 के बीच योगदान देना होगा। नियुक्ति से पहले सभी उम्मीदवारों का चरित्र सत्यापन और मेडिकल जांच कराई जाएगी।
इसे भी पढ़ें - देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पर सम्राट चौधरी का बयान, कहा- हरित विकास को मिलेगी नई रफ्तार