न्यूज़11 भारत
स्पोर्ट्स/डेस्क: एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन भारत के लिए शूटिंग से बड़ी खुशखबरी आई. जानकारी के मुताबिक, कमलजीत और सुरुचि इंडर सिंह की दमदार जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस जीत के साथ भारत ने प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया. शूटिंग में भारतीय टीम ने कुल 484.6 अंक हासिल किया और दक्षिण कोरिया को 6.6 अंकों के अंतर से पीछे छोड़ा.
क्वालिफिकेशन में भी किया शानदार प्रदर्शन
कमलजीत और सुरुचि ने फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन राउंड में 587 अंक और 29 इनर-10 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया था. भारतीय जोड़ी ने 196,195 और 196 की तीन शानदार सीरीज खेलीं और फाइनल में जगह बनाई. हालांकि, पिछले दो दिनों के प्रदर्शन के बाद यह भारत के लिए खास वापसी मानी जा रही है.
फाइनल में दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ा
भारतीय टीम ने फाइनल में शुरुआत से ही पकड़ बनाए रखी थी. इसी के साथ कुल 484.6 अंक हासिल किए. जबकि, दक्षिण कोरिया की टीम 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही. वहीं, ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया.
भारत का दूसरा गोल्ड
खबरों के अनुसार, कमलजीत और सुरुचि का यह गोल्ड भारत का एशियन गेम्स 2026 में दूसरा स्वर्ण पदक है. इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड हासिल किया था.
यह भी पढ़ें: 90's के वो सुपरहिट गाने, जिन्हें आज भी नहीं भूले लोग