न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार की सियासत में एक ऐतिहासिक मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे अंतराल के बाद दिल्ली पहुंचे और मीडिया से रूबरू होकर अपने भविष्य की नई दिशा स्पष्ट कर दी। राज्यसभा जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्होंने साफ कर दिया है कि अब उनका कार्यक्षेत्र देश की राजधानी होगी।
"अब दिल्ली ही मेरा ठिकाना": नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए नीतीश कुमार ने स्पष्ट कहा कि वे कल (10 अप्रैल) राज्यसभा की शपथ लेंगे। उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा, "मैंने पहले भी दिल्ली में बहुत काम किया है और अब एक बार फिर यहीं रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगा।" हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे दिल्ली जरूर रहेंगे, लेकिन बिहार की मिट्टी और वहां के विकास से उनका गहरा नाता हमेशा बना रहेगा।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही बिहार की मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर सस्पेंस गहरा गया है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि आगामी 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उसी दिन एनडीए विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें बिहार के अगले नेतृत्व और नई सरकार की रूपरेखा पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।