न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
पूजा शर्मा/पटना: पटना में आयोजित रोजगार मेले के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रोजगार और नियुक्ति को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। गिरिराज सिंह ने दावा किया कि पहले सरकारी नौकरी की नियुक्ति प्रक्रिया में लंबा वक्त लगता था, लेकिन अब तीन से चार महीने में युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल रहा है।
उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय नौकरी के लिए गुलाब और गेंदा का फूल लेकर जाना पड़ता था, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले जहां सरकारी नियुक्ति में दो साल या 18 महीने तक का समय लग जाता था, वहीं अब तीन से चार महीने में युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौर में नौकरी पाने के लिए युवाओं को नेताओं और अधिकारियों के पीछे जाना पड़ता था।
गिरिराज सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने नियुक्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है। रोजगार के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि रोजगार का मतलब सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं है। उन्होंने स्टार्टअप और औपचारिक रोजगार को भी रोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में स्टार्टअप शुरू हुए हैं और इनके जरिए लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने देश में लोगों की क्रय क्षमता बढ़ने का भी दावा किया और इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जहां इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री काफी कम थी, वहीं अब इसमें बड़ा इजाफा हुआ है।
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने गरीबी के आंकड़ों का जिक्र करते हुए दावा किया कि यूपीए सरकार के दौरान गरीबी दर 21 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 3.5 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।