न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने JMM नेता सुप्रियो भट्टाचार्य द्वारा केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल में 24 गबन गिनाने पर करारा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि JMM और उनकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस व राजद अगर गबन और घोटालों पर दूसरों को उपदेश दे तो यह हास्यास्पद नहीं तो क्या है. जो पार्टी खुद गबन एवं घोटाले की जनक हो. उनकी सहयोगी दलों का राजनीतिक इतिहास भी घपले घोटालों से ठूंस ठूंस कर कोना कोना भरा हो, उस पार्टी को तो हर जगह यही सब दिखता है. चंद करोड़ रुपए के लिए किस पार्टी ने अलग राज्य आंदोलन को बेचने का काम किया, यह किसी से छिपा है क्या ?
साथ ही उन्होंने भाजपा को भारतीय गबन पार्टी बताने पर कहा कि JMM को पहले अपने गिरेबान और राजनीतिक अतीत में झांकने की ज़रूरत है. भाजपा क्या है, यह प्रमाण पत्र एक लुटेरी पार्टी से लेने की जरूरत नहीं है. JMM का असली मतलब जमकर मुद्रा मोचन पार्टी है. अमर बाउरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा अपने 12 साल के कार्यकाल में जो स्वर्णिम अध्याय लिखा गया है वह JMM, और उनकी सहयोगी दलों को कभी दिख नहीं सकता है. उसका भी प्रमाण पत्र भाजपा को इन विकास विरोधी एवं परिवारवादी दलों से नहीं चाहिए. लगातार एक के बाद कई राज्यों में पार्टी का विस्तार एवं तीसरी बार नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपकर जनता मोदी सरकार के ऐतिहासिक कार्यों पर मुहर लगा रही है.
अमर बाउरी ने कहा कि JMM को केंद्र की फिक्र छोड़ पहले अपने वादों के बारे में जनता को बतानी चाहिए. हर साल 5 लाख नौकरी का क्या हुआ, झारखंड में पेपर लीक पर इनकी जुबान क्यों नहीं खुलती. भाजपा ने कहीं कोई गड़बड़ी सामने आने पर त्वरित कार्रवाई किया. झारखंड सरकार की तरह उन गड़बड़ियों पर पर्दा डालने, छिपाने और उसमें सहभागी बनने का कुकृत्य तो नहीं किया गया. नरेंद्र मोदी सरकार भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं कर सकती है. जबकि JMM, कांग्रेस, राजद इन सभी दलों ने भ्रष्टाचार को शिष्टाचार के रूप में अंगीकार कर लिया है. JMM के मुंह से भ्रष्टाचार, गबन, घोटाला पर उपदेश शोभा नहीं देता.
यह भी पढ़ें- RIMS-2 परियोजना को ₹2000 करोड़ देने की मांग, झारखंड को मिल सकती है बड़ी सौगात