शम्भू भगत/न्यूज11 भारत
भागलपुर/डेस्क: बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव भागलपुर दौरे पर पहुंचे. इस दौरान शहर के एक निजी होटल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए आम बजट का सीधा प्रसारण देखा और सुना.
बजट प्रसारण के बाद कृषि मंत्री रामकृपाल यादव मीडिया से रूबरू हुए. उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बजट के माध्यम से देश को कई बड़ी सौगातें दी हैं. बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा स्थापित किए जाने से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
कृषि मंत्री ने बताया कि आने वाले समय में कई शहरों में नए रेल कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा जिससे यातायात व्यवस्था मजबूत होगी. इसके साथ ही देसी कपड़ों को बढ़ावा देने के लिए टेक्सटाइल कंपनियों को विशेष सहायता दी जाएगी जिससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी.
उन्होंने कहा कि बिहार का बजट भी जल्द पेश किया जाएगा और वह पूरी तरह सकारात्मक होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की उन्नति के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और केंद्र सरकार बिहार को हर संभव सहयोग दे रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है.कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने उम्मीद जताई कि बिहार के आगामी बजट में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे जिससे राज्य का कृषि क्षेत्र और अधिक सशक्त होगा.
यह भी पढ़ें: माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने आई महिला की सड़क हादसे में मौत, ई-रिक्शा चालक फरार