न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - भगवंत मान सिंह सोमवार को अपने परिवार के साथ पटना पहुंचे, जहां उन्होंने पटना साहेब स्थित गुरुद्वारा में मत्था टेका। उन्होंने कहा कि पंजाब में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए बनाए गए विशेष कानून की सफलता और प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की कामना को लेकर वह पटना साहिब पहुंचे हैं। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने को मिली।
हाईलाइट्स -
- भगवंत मान परिवार संग पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे
- BJP पर लगाया लोकतंत्र की हत्या का आरोप
- महंगाई और पेट्रोल-डीजल कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरा
- वोट काटने की राजनीति पंजाब में नहीं होने देने की कही बात
-
BJP पर बरसे मान, बोले- लोकतंत्र की हो रही हत्या
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान भगवंत मान ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। आम आदमी पार्टी के सांसदों के बीजेपी के संपर्क में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने राष्ट्रपति से मुलाकात की है। मान ने आरोप लगाया कि बीजेपी दूसरी पार्टियों के विधायक और सांसद खरीदने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बीजेपी के केवल दो विधायक हैं, फिर भी वह अन्य दलों को तोड़ने की राजनीति कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से “पार्टी तोड़ने का धंधा छोड़कर देश के विकास पर ध्यान देने” की सलाह दी।
महंगाई, पेट्रोल और वोट कटाने के मुद्दे पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और सोने की खपत कम करने वाली अपील पर भी भगवंत मान ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश को यह बताना चाहिए कि आर्थिक स्थिति क्या है और पेट्रोल-डीजल का स्टॉक कितना बचा है। मान ने आरोप लगाया कि देश में “अनडिक्लेयर लॉकडाउन” जैसे हालात बनाए जा रहे हैं। वहीं बिहार और बंगाल में एसआईआर के बाद पंजाब में भी वोट काटने की आशंका पर उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसा कोई खेल नहीं होने दिया जाएगा। महंगाई को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा दी गईं और अब जनता पर बोझ डाला जा रहा है।
इसे भी पढ़ें - भीषण गर्मी पर पटना प्रशासन सख्त, 8वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी की टाइमिंग बदली