प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र में रविवार को जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने अपने विकास मद से करीब आधा दर्जन विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. विभिन्न पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सड़क, पेयजल, नाली, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने की शुरुआत की गई. कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड मुख्यालय स्थित पुराने ब्लॉक परिसर में नारी शक्ति आजीविका संगठन के कार्यालय के जीर्णोद्धार कार्य के शिलान्यास से हुई. जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस प्रसाद सहित संकुल संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इसके बाद खुरा पंचायत के बभंडीह स्थित बैगा टोला में ग्रामीणों को घर-घर पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जलमीनार योजना का उद्घाटन किया गया. वहीं खुरा पंचायत के चमरडीहा में पीसीसी सड़क निर्माण, बेतला पंचायत के संकुल संगठन परिसर में शौचालय निर्माण, बेतला में प्रदीप भुइयां के घर के समीप नाली निर्माण तथा केचकी पंचायत के पहाड़ी टोला में चबूतरा निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया.
ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता - संतोषी कुमारी
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. विकास मद से मिलने वाली राशि का उपयोग स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों की मांग के अनुसार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, नाली, शौचालय समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों से विकास योजनाओं के निर्माण में सहयोग करने तथा कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर इसकी जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. कार्यक्रम में कन्हाई प्रसाद, उपमुखिया बसंती देवी, रुपाली देवी, शोभा देवी, रितु कुमारी, रुपनती देवी, संगीता कुमारी, संतोष प्रसाद समेत कई ग्रामीण एवं संगठन के सदस्य मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: उम्र की सीमा नहीं रोक सकी शिक्षा की ललक, 60 से 70 वर्ष की उम्र में महिला-पुरुषों ने दी साक्षरता परीक्षा