धर्मेंद्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
निरसा/डेस्क: निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत एरिया ऑफिस के समीप शनिवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान सुनील नंदी, राजपुरा निवासी के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. सूचना मिलते ही निरसा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई.
मिली जानकारी के अनुसार, सुनील नंदी मनोहर होटल में काम करता था. शनिवार की रात वह अपना काम खत्म करने के बाद वाहन से अपने घर राजपुरा लौट रहा था. इसी दौरान एरिया ऑफिस के समीप रांग साइड से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल सुनील को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसर गया.
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. ग्रामीणों का कहना था कि रांग साइड से तेज गति से वाहन चलाए जाने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया.
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद निरसा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया. पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे में शामिल बुलेट मोटरसाइकिल और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा और रांग साइड वाहन चलाने को लेकर काफी आक्रोश देखने को मिला.
इसे भी पढ़ें: "आप हमेशा याद आएंगे भैया..." मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भावुक पोस्ट