मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: मधुकॉम कंपनी की कथित लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है. कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में मजदूर वीरेंद्र राम गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनका पैर टूट गया. घटना के बाद घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के लिए डकरा क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया. मजदूरों का आरोप है कि कंपनी द्वारा कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. न तो सुरक्षा उपकरण दिए जा रहे हैं और न ही सुरक्षित कार्य प्रणाली का पालन किया जा रहा है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. मजदूरों का कहना है कि वे मजबूरी में अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को विवश हैं. इस संबंध में मजदूर नेता अब्दुल्लाह अंसारी ने कहा कि मधुकॉम कंपनी के प्रबंधन द्वारा मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी इसी तरह की घटना में एक मजदूर की जान जा चुकी है, इसके बावजूद कंपनी सुरक्षा के प्रति लापरवाह बनी हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि मजदूरों से निर्धारित 8 घंटे के बजाय 16 घंटे तक काम कराया जा रहा है, जो श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है. घटना के बाद मजदूरों में भारी रोष व्याप्त है. उन्होंने प्रबंधन से घायल मजदूर के समुचित इलाज, उचित मुआवजा देने और कार्यस्थल पर तत्काल प्रभाव से सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: सतीघाट मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से ग्राम सभा की बैठक, मेले में नशा और जुआ पूरी तरह प्रतिबंधित