उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: सोमवार को विनोद बिहारी महतो बगदाहा स्टेडियम में करम महोत्सव अखाड़ा का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू पार्टी के हलधर महतो ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई.
इस दौरान हलधर महतो ने सुदेश महतो को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. वहीं अखाड़ा दल के सदस्यों ने अन्य अतिथियों का बुके एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया.
करम महोत्सव में करीब 200 महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक करम गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया. मांदर की थाप और करम गीतों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा. बेहतर प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को अखाड़ा दल की ओर से नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया.
कार्यक्रम के दौरान सुदेश महतो, जिला परिषद सदस्य वानी देवी, हलधर महतो, बगदाहा पंचायत के मुखिया बबलू महतो सहित अन्य लोगों ने भी प्रतिभागियों और महिलाओं के साथ करम गीत पर नृत्य किया.
सुदेश महतो ने कहा कि बगदाहा में वर्षों से पारंपरिक रूप से सामूहिक करम पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है. उन्होंने आयोजन समिति एवं जनप्रतिनिधियों को इस आयोजन के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि करम पर्व झारखंड के साथ-साथ बंगाल में भी पारंपरिक रूप से मनाया जाता है.
मौके पर अपर समाहर्ता विनोद कुमार, पूर्व विधायक लंबोदर महतो, करम अखाड़ा दल के सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026 के दूसरे दिन भारत के हाथ आए 4 पदक, आज 2 रजत और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते, पदकों की संख्या हुई 6