प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड के सामाजिक कार्यकर्ता एवं शैलपुत्री फाउंडेशन भरनो के संचालक विनय कुमार केशरी को ऑल एनजीओ एसोसिएशन का झारखंड राज्य सचिव नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति दो वर्षों की अवधि के लिए की गई है. संगठन की ओर से जारी एनजीओ एफिलिएशन कार्ड एवं नियुक्ति संबंधी जानकारी के अनुसार विनय कुमार केशरी अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन राज्य स्तर पर करेंगे. विनय कुमार केशरी लंबे समय से शैलपुत्री फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक सेवा, शिक्षा,स्वास्थ्य,महिला सशक्तिकरण,युवा विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. उनकी सक्रियता और सामाजिक कार्यों को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है.
राज्य सचिव नियुक्त होने के बाद विनय कुमार केशरी ने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता झारखंड में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना,सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों को मजबूती देना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करना होगा. उन्होंने बताया कि ऑल एनजीओ एसोसिएशन का उद्देश्य विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं को एक मंच पर लाकर सामाजिक विकास के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करना,संस्थाओं की क्षमता बढ़ाना तथा समाज के जरूरतमंद लोगों तक शिक्षा,स्वास्थ्य,पर्यावरण संरक्षण,महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करना है. विनय कुमार केशरी की नियुक्ति पर शैलपुत्री फाउंडेशन के सदस्यों,सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र के कई लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है. लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में झारखंड में स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यों को नई दिशा मिलेगी और सामाजिक विकास की गतिविधियों को और गति मिलेगी. साथ ही सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता अभियान को भी मजबूती मिलेगी.