संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बाना गांव में गुरुवार की सुबह संपत्ति और घर निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया,दो भाइयों के परिवारों के बीच हुए इस आपसी विवाद में लोहे की रॉड और हथियारों से हमला किया गया, जिसमें एक 60 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान स्थानीय निवासी जमालुद्दीन अंसारी और उनकी बहू सईदा बीवी के रूप में हुई है.
घटना के संबंध में पीड़ित जमालुद्दीन अंसारी ने बताया कि उनके भाई कमालुद्दीन अंसारी अपने घर का निर्माण कार्य करवा रहे थे. निर्माण कार्य के दौरान दीवार और छज्जे का कुछ हिस्सा जमालुद्दीन के हिस्से की जमीन की तरफ बढ़ा दिया गया था जब जमालुद्दीन और उनके परिवार के लोगों ने इस अनधिकृत निर्माण का विरोध किया, तो बात काफी बढ़ गई
लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से किया गया हमला
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. आरोप है कि कमालुद्दीन अंसारी, अफसर अंसारी, खुर्शीद अंसारी और समीर अंसारी ने गोलबंद होकर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में जमालुद्दीन और बीच-बचाव करने आई उनकी बहू सईदा बीवी को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.
परिजनों की मदद से अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. अस्पताल के डॉक्टरों ने त्वरित प्राथमिक उपचार शुरू किया और बताया कि इलाज के बाद फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है. पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है..
यह भी पढ़ें: बीजेपी ने अभी से शुरू कर दी लोकसभा 2029 की तैयारी! सभी मोर्चों पर विरोधियों को मात देने के लिए कस ली कमर!