राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: सरहुल शोभायात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. गुरितांड पुलिया के समीप पिकअप वाहन और टेंपो की आमने-सामने टक्कर में टेंपो चालक लल्लू लोहरा (निवासी हुटाप) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायलों में सतमी कुमारी (23), ललित उरांव (25), राधिका कुमारी (6), मनीता देवी (25), संगम कुमारी सहित कई लोग शामिल हैं. सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुंचाया गया, जहां डॉ. नीलिमा और डॉ. प्रकाश बड़ाइक की देखरेख में इलाज जारी है.
गंभीर रूप से घायल रामकुमार गंझू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है. घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: बसिया: कोनिबीर में प्रकृति पर्व सरहुल की धूम, पारंपरिक परिधानों में थिरके आदिवासी समुदाय के लोग