न्यूज़11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा के उपायुक्त दिनेश यादव ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया. इस दौरान विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर सुनी गईं. उपायुक्त ने संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
जनसुनवाई में धुरकी प्रखंड के ग्राम धोबनी निवासी योगेंद्र प्रसाद यादव ने पंचायत समिति की योजनाओं में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि कदवा गांव में चबूतरा और गार्डवॉल निर्माण जैसे कार्य बिना किए ही राशि की अवैध निकासी कर ली गई. उनका कहना है कि पंचायत समिति के अध्यक्ष, सचिव और बिचौलियों की मिलीभगत से योजनाओं को जिला परिषद के नाम पर दिखाकर फर्जी भुगतान किया गया. उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
वहीं, शिक्षक उमेश राम ने अपने स्थानांतरण के संबंध में आवेदन दिया. उन्होंने बताया कि वे करीब 95 प्रतिशत दिव्यांग हैं और वर्तमान में उत्क्रमित उर्दू उच्च विद्यालय, गुरदी (जोन-4) में पदस्थापित हैं, जहां आने-जाने के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधा नहीं है. शारीरिक स्थिति के कारण उन्हें विद्यालय पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. मंझिआंव प्रखंड के दलको गांव की निवासी अनीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास निर्माण में पारिवारिक बाधा की शिकायत की. उन्होंने बताया कि आवश्यक सामग्री खरीदने के बावजूद उनके पति और अन्य परिजन निर्माण कार्य में रुकावट डाल रहे हैं.
इसके अलावा, रंका प्रखंड के तमगे खुर्द की निवासी रंजू देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप लगाया. उन्होंने शिकायत की कि संतोष राम ने बिना आवास निर्माण किए ही योजना की राशि निकाल ली, जबकि उनके पिता सुकन राम ने निर्धारित स्थल के बजाय अन्य स्थान पर आवास का निर्माण कराया है. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें- BCCL के सीएमडी ने सिंह मेंशन पहुंचकर मेयर संजीव सिंह व विधायक रागिनी सिंह से की मुलाकात, विकास मुद्दों पर हुई चर्चा