गौतम सिंह/न्यूज11 भारत
बिरनी/डेस्क: भारत बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र में गुरुवार की शाम मातम बनकर आई. करीब 4 बजे भरकट्टा हाई स्कूल के पास एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. घर लौट रहे तीन युवक बाइक पर सवार थे, तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ उनके ऊपर गिर पड़ा.कुछ ही सेकंड में खुशहाल सफर चीख-पुकार में बदल गया. आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक एक युवक की सांसें थम चुकी थीं और दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.मृतक की पहचान आशीष कुमार मंडल (पिता– हीरालाल मंडल) के रूप में हुई है. जैसे ही यह खबर उनके घर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे गांव में मातम पसर गया और हर आंख नम हो गई. बताया जा रहा है कि आशीष अपने घर का सहारा था, जिसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
घायलों में सचिन कुमार वर्मा (पिता– नारायण महतो) शामिल हैं, जबकि एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल है. तीनों बराय क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक भरकट्टा बाजार से अपने घर लौट रहे थे. तभी अचानक पेड़ गिरा और वे उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया. पेड़ को हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया और बिना देर किए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे भरकट्टा और आसपास के गांवों में शोक की लहर है. लोग एक-दूसरे से बस यही कह रहे हैं—काश इस जर्जर पेड़ को पहले ही हटा दिया गया होता, तो शायद आज एक घर का चिराग यूं न बुझता.
यह भी पढ़ें: रामकृष्ण विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल का 10वीं का परिणाम रहा शत-प्रतिशत, मेघा मिश्रा 97% अंकों के साथ बनीं टॉपर