न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. रांची स्थित मौसम केंद्र ने 4 अप्रैल 2026 को जारी पूर्वानुमान में बताया है कि राज्य में 5 अप्रैल से लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान कई इलाकों में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
तापमान में गिरावट के संकेत
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
5 से 9 अप्रैल तक बारिश के आसार
पूर्वानुमान के मुताबिक 5 से 9 अप्रैल के बीच राज्य में आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
आंधी और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 5 से 8 अप्रैल के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और तेज आंधी चलने की आशंका जताई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इन जिलों में ओलावृष्टि की संभावना
- 5 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका है.
- 6 अप्रैल को हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, रामगढ़ और रांची जिलों में ओलावृष्टि हो सकती है.
- वहीं 7 अप्रैल को पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं ओले पड़ने की संभावना है.
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, खासकर वज्रपात और तेज आंधी के समय.
ये भी पढ़ें- झारखंड हाईकोर्ट का लातेहार DMO को कड़ा निर्देश, 28 लाख रुपये तत्काल भुगतान करने को कहा