न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भू-राजस्व से जुड़े मामलों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़ा रुख अपनाया. अंचल कार्यालयों से मिल रही शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. बैठक के दौरान कांके अंचल के एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित करने का निर्देश दिया गया. वहीं, लंबित दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) आवेदनों की समीक्षा करते हुए अनगड़ा के एक कर्मचारी को शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया.

DC ने विशेष रूप से 10 डिसमिल से कम भूमि से जुड़े म्यूटेशन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर निष्पादित करने का निर्देश दिया. साथ ही, पूर्व में अस्वीकृत म्यूटेशन मामलों की दोबारा समीक्षा करने को कहा गया, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके. उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) को निर्देश दिया कि वे पिछले दो महीनों में पंजी-2 में किए गए सुधार की रिपोर्ट प्रस्तुत करें. इसके अलावा, अंचल कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों पर नियंत्रण रखने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
ये भी पढ़ें- IIT ISM धनबाद में 6-7 अप्रैल को 'इंवेंटिव 2026' का आयोजन, शोध और नवाचार को मिलेगा नया मंच, राज्यपाल करेंगे उद्घाटन