न्यूज़11 भारत
गढ़वा/डेस्क: जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया. एसडीएम संजय कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न होटलों में कार्रवाई की गई, जिसमें चार होटलों की जांच की गई. इनमें से तीन होटलों को प्रथम दृष्टया देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के आधार पर सील कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को सोनपुरवा स्थित एसएनसी होटल के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद वहां छापेमारी की गई, जहां जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और देह व्यापार के प्रमाण मिले. अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर होटल को तत्काल सील कर दिया गया.
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने शहर के अन्य होटलों में भी अभियान चलाया. जांच के दौरान स्टेशन रोड स्थित आरडीएस होटल और रंका मोड़ के पास तिवारी इन में भी देह व्यापार की पुष्टि होने पर दोनों होटलों को एहतियातन सील कर दिया गया. कार्रवाई के दौरान संबंधित होटलों के प्रबंधकों समेत कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को निर्देश दिया गया है कि आरोपियों से पूछताछ कर मामले में विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जाए. वहीं, बस स्टैंड के पास स्थित रघुनंदन रेजिडेंसी में छापेमारी के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं, जिनकी जांच के आदेश दिए गए हैं.
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां समाज के लिए अस्वीकार्य हैं और किसी भी परिस्थिति में इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध या अनैतिक गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. इसके साथ ही नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि संबंधित होटलों की नगर पालिका अधिनियम और बिल्डिंग बायलॉज के तहत जांच की जाए. भवनों के स्वीकृत नक्शे के अनुरूप निर्माण की पुष्टि की जाए और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
इस छापेमारी अभियान में प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी शामिल रहे, जिनमें अंचल अधिकारी सफी आलम, डीएसपी मुख्यालय यशोधरा, डीएसपी प्रशिक्षु चिरंजीव मंडल, पुलिस निरीक्षक सुनील तिवारी, बृज कुमार समेत गढ़वा थाना, महिला थाना और नगर परिषद के कर्मी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- चांडिल में हाथियों का आतंक: 50 गांव में दहशत का माहौल, ग्रामीण रातभर दे रहे पहरा