मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: पतरातु से मैक्लुस्कीगंज जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति इन दिनों काफी खराब हो गई है. खासकर मायापुर गांव के समीप सड़क जर्जर हो जाने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार करोड़ों रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर मायापुर के पास तथा हुटाप मोड़ सहित कई स्थानों पर सड़क टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों का भी आवागमन होता है. कोयला और अन्य सामग्री ढोने वाले बड़े ट्रक और हाइवा लगातार इस सड़क से गुजरते हैं, जिससे सड़क की स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है. गड्ढों से भरी सड़क के कारण वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान सामग्री की गुणवत्ता में गंभीर अनियमितता बरती गई थी. योजना की लागत के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया गया और अलकतरा भी नाम मात्र का डाला गया, जिसके कारण सड़क कुछ ही वर्षों में जगह-जगह से टूटने लगी. कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे समस्या और बढ़ गई है.
बारिश के दौरान सड़क की मिट्टी और गिट्टियां बहने लगी हैं और रेनकट के कारण सड़क की स्थिति और बिगड़ गई है. इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पतरातु और मैक्लुस्कीगंज की ओर आवाजाही करते हैं, लेकिन सड़क में बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: मनातू में महुआ चुनने गई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस