अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: लातेहार:गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई.बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई. उपायुक्त ने समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पूर्वाभ्यास एवं ध्वजारोहण के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. गणतंत्र दिवस समारोह को धूमधाम से मनाने के लिए अधिकारी पूरी तत्परता से कार्य करना सुनिश्चित करें. गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह जिला खेल स्टेडियम,लातेहार में आयोजित किया जाएगा. जिसमें झंडोतोलन-राष्ट्रगान, परेड किया जाएगा. परेड का पूर्वाभ्यास मुख्य समारोह स्थल पर होगा. बैठक में उपायुक्त ने जिला खेल स्टेडियम की साफ-सफाई, रंग रोगन , लाउडस्पीकर की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, लोगों के बैठने की व्यवस्था, अग्निशमन दस्ता, स्वतंत्रता सेनानियों को आमंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, परेड समेत अन्य के लिए संबंधित पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर निर्देशित किया.
विभिन्न विभागों की झाँकियाँ आदि के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने देशभक्ति से ओत-प्रोत आयोजन के साथ समस्त झांकियों को अधिकाधिक आकर्षक बनाने के निर्देश दिए. साथ ही झांकियों के लिए उपयुक्त वाहन, समारोह स्थल पर सुगम प्रवेश व निकासी आदि को लेकर संबंधित अधिकारियों को पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने के भी निर्देश दिए.
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
साफ–सफाई कराने का दिया गया निर्देश
उपायुक्त ने गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर शहर के सभी चौक-चैराहों एवं सभी प्रतिमा,मूर्तियों की साफ-सफाई आदि कार्य का निस्पादन 26 जनवरी से पूर्व सुनिश्चित करने का निदेश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत,लातेहार को दिया. उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर को पूर्ण रूप से स्वच्छ एवं सुंदर रहे इसे सुनिश्चित करेंगे.बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती पूनम देवी, उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता श्री रामा रविदास, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, डीआरडीए निदेशक श्री प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री श्रेयांश, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य गण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास, अंचल अधिकारी, सीडीपीओ जुड़े थे.
यह भी पढ़ें: देवघर: उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में भूअर्जन से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित