न्यूज 11 भारत
डेस्क,बहरागोड़ा :बहरागोड़ा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, अनुशासन और श्रद्धा के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव दीपंकर साहू एवं प्रधानाचार्य बासुदेव प्रधान ने माता भारती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलित कर किया.
प्रार्थना के उपरांत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया. योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, मयूरासन, पद्मासन तथा सूर्य नमस्कार सहित अनेक योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया. इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी गई.
अपने संबोधन में सचिव दीपंकर साहू ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है. नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है. उन्होंने कहा कि शरीर एक मशीन की तरह है, जिसके सभी अंगों की देखभाल आवश्यक है और यह योग, व्यायाम तथा स्वास्थ्यवर्धक शाकाहारी भोजन से ही संभव है. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के आचार्य सुखदेव भुईयां, दर्पनारायण बेरा, पार्थ सारथी एवं दीति मिश्र सहित कई छात्र-छात्राओं ने भी योग दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए.
योग सत्र में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई. कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद के जगन्नाथ प्रसाद मंडल बने राष्ट्रीय सुड़ी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी