प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत.
भरनो/डेस्क: प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय कृत बालिका मध्य विद्यालय भरनो के सभागार में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय शिक्षकों की गुरुगोष्ठी का आयोजन किया गया.बैठक की अध्यक्षता बीपीओ सूरज लकड़ा ने की. गुरुगोष्ठी में प्रखंड क्षेत्र के सभी प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक आवश्यक प्रतिवेदनों के साथ उपस्थित हुए.बैठक की शुरुआत विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा से की गई.इस दौरान कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की जानकारी ली गई तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही शेष बचे विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण की प्रक्रिया को तेज करने पर बल दिया गया, ताकि छात्र-छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो सके.
आगामी झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालयों में आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक,खेलकूद एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई. बीपीओ ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में बच्चों की सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए.गुरुगोष्ठी में प्रोजेक्ट वीर गाथा एवं प्रोजेक्ट इंपैक्ट की प्रगति की समीक्षा की गई. शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करते हुए बच्चों में रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करें. इसके अलावा अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी, कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित होने वाले मॉक टेस्ट की रूपरेखा तथा परीक्षा परिणाम में सुधार के उपायों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन, सावित्री बाई फूले योजना के क्रियान्वयन, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता, विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई. संबंधित विद्यालयों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया.
अंत में बीपीओ सूरज लकड़ा ने सभी प्रधानाध्यापकों को समय पर प्रतिवेदन जमा करने, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ छात्रों तक पहुंचाने का आह्वान किया.मौके पर सीआरपी शमीम एजाज,शशि भूषण साहू,विजय कुमार,साहिन परवीन,भूषण केशरी,नूर एहसान,रंजीत महतो,मुकुल टेटै, बीरेंद्र कुमार,नकुल सरकार, गुलाम अर्जक जाहिद,मानुएल कुजूर सहित सभी सीआरपी एवं सचिव उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: चंदवा में झारखंड दैनिक मजदूर यूनियन की बैठक, दिवंगतों को दी गयी श्रद्धांजलि