अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 35वीं बटालियन, चतरा के तत्वावधान में सोमवार को हेरहंज प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, मेराल के खेल मैदान में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसबी के उप-महानिरीक्षक मानवेन्द्र नेगी ने किया. इस अवसर पर कमांडेंट संजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया, हेरहंज मुखिया प्रीति कुजूर, चिरु पंचायत के मुखिया हीरामणि लकड़ा एवं तासु पंचायत के पूर्व मुखिया अनिल उरांव भी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के तहत आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सहारा क्लब होंजर ने रोशनी क्लब, चाईं को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए.कार्यक्रम के दौरान बीस दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन भी किया गया, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त 10 महिलाओं को सिलाई मशीनें एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए. इसके अतिरिक्त 6 बच्चों को साइकिल, तथा वृद्ध, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल, सोलर लाइट एवं कृषि उपकरण वितरित किए गए.
इस अवसर पर आयोजित निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर में एसएसबी के चिकित्सकों द्वारा स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई एवं आवश्यक दवाइयाँ प्रदान की गईं. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं बीमारियों से बचाव के उपाय बताना था.मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक मानवेन्द्र नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि एसएसबी द्वारा प्रतिवर्ष नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके. उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का आश्वासन दिया.कार्यक्रम का संचालन एसएसबी प्रभारी अनिल कुमार चौरसिया एवं पार्थ घोष ने किया. मौके पर एसएसबी के पदाधिकारी,जवान एंव काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: पलामू टाइगर रिजर्व में महिलाओं को मिल रहा हुनर से रोजगार का संबल, 30 महिलाएं ले रहीं प्रशिक्षण