संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को NIC सभागार में विद्यालय एवं महाविद्यालयों में Electoral Literacy Club (ELC) के गठन एवं संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर ELC के गठन/पुनर्गठन, विद्यार्थियों की सहभागिता, मतदाता पंजीकरण तथा निर्वाचन साक्षरता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए.
सभी प्रधानाध्यापक/संस्थान प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित प्रावधान के अनुसार अपने संस्थान में Electoral Literacy Club का गठन/पुनर्गठन सुनिश्चित करें. ELC के लिए एक शिक्षक/फैकल्टी सदस्य को Coordinator के रूप में नामित करते हुए क्लब के गठन, गतिविधियों, अभिलेख संधारण एवं पोर्टल पर रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी दी जाए.
18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का मतदाता पंजीकरण प्राथमिकता
बैठक में Form-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. सभी प्रधानाध्यापक/संस्थान प्रमुख अपने-अपने विद्यालय एवं महाविद्यालय में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें Form-6 भरने के लिए प्रेरित एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि पात्र कोई भी विद्यार्थी मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे.
इस कार्य में प्रधानाध्यापक/संस्थान प्रमुखों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि विद्यालय में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों तक पहुंच बनाकर उनका समय पर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराना ELC की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है. विद्यार्थियों को उनके मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के संबंध में भी जागरूक किया जाए.
ELC के माध्यम से होंगे रचनात्मक एवं सहभागी कार्यक्रम
निर्वाचन साक्षरता को विद्यार्थियों के लिए अधिक प्रभावी एवं सहभागी बनाने के उद्देश्य से ELC के माध्यम से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. इनमें प्रमुख रूप से-
- Chromocracy – Poster & Infographic Challenge के माध्यम से निर्वाचन एवं लोकतंत्र से संबंधित संदेशों को पोस्टर एवं इन्फोग्राफिक के माध्यम से प्रस्तुत करना.
- Demos Theatre – Street Play for Democracy के माध्यम से नुक्कड़ नाटक द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदाता जागरूकता का संदेश देना.
- Jurisballot – Mock Electoral Court के माध्यम से काल्पनिक निर्वाचन मामलों पर न्यायिक प्रक्रिया एवं निर्वाचन संबंधी विषयों की समझ विकसित करना.
- Vox Populi – Electoral Debate के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच निर्वाचन एवं लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर तर्कपूर्ण संवाद एवं वाद-विवाद कराना.
- Polis Protocol – Electoral Solution Lab के माध्यम से निर्वाचन से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा समस्या की पहचान, विचार-विमर्श एवं समाधान प्रस्तुत करना.
- ElectraQuest – Ultimate Election Quiz के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकार, समसामयिक विषयों एवं नागरिक जागरूकता से संबंधित क्विज आयोजित करना.
- CineVote60 – Voter Awareness Reel के माध्यम से अधिकतम 60 सेकंड की लघु वीडियो/रील बनाकर मतदाता जागरूकता संबंधी संदेश प्रसारित करना.
- इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल निर्वाचन संबंधी जानकारी देने के बजाय उन्हें प्रश्न करने, चर्चा करने, तर्क रखने, समाधान खोजने और जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा.
- ELC गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को मिलेगा प्रोत्साहन
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने बैठक में बताया कि Form-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा Electoral Literacy Club की गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों/महाविद्यालयों को प्रोत्साहित किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा किए गए कार्य, विशेष रूप से पात्र विद्यार्थियों के Form-6 के माध्यम से मतदाता पंजीकरण तथा ELC की गतिविधियों में सक्रिय एवं गुणवत्तापूर्ण सहभागिता को ध्यान में रखते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले संबंधित प्रधानाध्यापक/संस्थान प्रमुख को जिला स्तर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा.
इससे संस्थानों को अधिकाधिक पात्र विद्यार्थियों का मतदाता पंजीकरण कराने तथा ELC की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा.
बैठक में ELC की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने, प्रत्येक गतिविधि का आवश्यक अभिलेख रखने तथा फोटोग्राफ, वीडियो एवं गतिविधि प्रतिवेदन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया. ELC की सभी गतिविधियां गैर-राजनीतिक एवं निष्पक्ष रखते हुए निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिक सहभागिता पर केंद्रित रखने को कहा गया.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं संस्थान प्रमुखों को निर्देशित किया कि ELC को केवल औपचारिक रूप से गठित करने तक सीमित न रखते हुए उसे विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करने का सक्रिय माध्यम बनाया जाए. विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ना तथा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता में रखा जाए.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद में 25 वर्षीय युवक फाइनेंस कर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटीं पुलिस