न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू के छतरपुर थाना अंतर्गत ग्राम गम्हरिया में हुए भीषण हत्याकांड और हमले के आरोपी लवकुश कुमार यादव को पुलिस ने जपला बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया है. 29 जनवरी 2026 की रात आरोपी ने अपने ससुराल में पत्नी, सास, ससुर, साला और साली पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसमें इलाज के दौरान उसके ससुर सुनील यादव की मृत्यु हो गई. पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी की शादी वर्ष 2023 में रीता देवी के साथ हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद के कारण वह अक्सर अपने मायके में रहती थी. आरोपी लवकुश को शक था कि उसके ससुराल वाले उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काते हैं, इसी रंजिश में उसने दिल्ली से लौटते समय उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक चाकू खरीदा और गम्हरिया पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया.
घटना के बाद आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में था, तभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने उसे जपला रेलवे स्टेशन जाने के क्रम में धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू और जैकेट भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त लवकुश कुमार यादव पलामू जिले के हैदरनगर थाना अंतर्गत ग्राम बरेवा का रहने वाला है. इस सफल छापेमारी दल में छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, अनिल रजक, धर्मवीर कुमार यादव और राजीव कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: पानी से बड़ी नाली की समस्या, ग्रामीण बोले—पहले नाली, फिर नल-जल